युवा पीढ़ी को आजादी के संघर्ष और महापुरुषों के बलिदान से अवगत कराना आवश्यक :- पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

 
 युवा पीढ़ी को आजादी के संघर्ष और महापुरुषों के बलिदान से अवगत कराना आवश्यक :- पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

कहा, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ संकल्प से हुआ अखंड भारत का निर्माण

रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका

रोहतक के सुभाष चौक पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम एवं युवा पद संचलन में पूर्व मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

एसडीएम आशीष कुमार ने किया अतिथियों का स्वागत, युवाओं से पटेल के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

रोहतक, 31 अक्टूबर।

हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अदम्य साहस, कुशल नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के परिणामस्वरूप देश की रियासतों का एकीकरण संभव हुआ और अखंड एवं मजबूत भारत का निर्माण हुआ। सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। युवा पीढ़ी को देश की आजादी के संघर्ष और महापुरुषों के बलिदान से अवगत कराना बेहद आवश्यक है, ताकि उनमें राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत हो सके। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर आज रोहतक के सुभाष चैक पर रोहतक विधानसभा क्षेत्र की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम तथा युवा पद संचलन एवं दौड़ में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जयघोष के साथ हुआ।

मनीष ग्रोवर ने कहा कि आजादी के समय देश के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराना था। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी कुशल कूटनीति, दूरदर्शिता, सूझबूझ और दृढ़ इच्छाशक्ति से इस चुनौतीपूर्ण कार्य को अंजाम दिया। हैदराबाद और जूनागढ़ सहित विभिन्न रियासतों के भारत में विलय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार मिला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में अनेक राष्ट्र नायकों के योगदान और उनके ऐतिहासिक महत्व को व्यापक स्तर पर याद किया जा रहा है। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।


पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और देशभक्तों के संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। अंग्रेजों ने व्यापार के बहाने भारत में प्रवेश किया और फूट डालो तथा राज करो की नीति अपनाकर लंबे समय तक देश पर शासन किया। आजादी के आंदोलन में असंख्य लोगों ने यातनाएं सहीं और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने देश के विभाजन की त्रासदी का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाजन के दौरान लाखों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापन का दर्द सहना पड़ा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, अमर शहीद राजगुरु, मदन लाल ढींगरा, चंद्रशेखर आजाद और डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक महापुरुषों ने देश की स्वतंत्रता, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मनीष ग्रोवर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के वास्तविक इतिहास को पढ़ें और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लें। शिक्षा और डिग्रियां हासिल करने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्र के प्रति निष्ठा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी होनी चाहिए। आज का युवा ही भविष्य में देश के विकास और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेगा। उन्होंने युवाओं से नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, अनुशासन और राष्ट्र सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर सहित उपस्थित गणमान्य नागरिकों, युवाओं और बच्चों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस एवं रन फॉर यूनिटी का आयोजन देश की एकता और अखंडता का सशक्त संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बच्चे और युवा देश का भविष्य हैं। युवाओं को सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेकर उनके एकता के संदेश को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपमंडलाधीश आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल,  विकास बंसल, ईश्वर सिंघल, संगीता सिंघल, राजेश सहगल, पवन आहुजा, कुलविंद्र सिक्का, किरण बेरी, संदीप गर्ग, दीपक लठवाल व रिंकू कपूर आदि मौजूद थे।

सरदार पटेल के विचारों को जीवन में करना होगा आत्मसात:- रेनू डाबला


कलानौर के दशहरा ग्राउंड में भी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती रेनू डाबला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।


रेनू डाबला ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हम सभी को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के सूत्र में बंधे रहने की प्रेरणा देता है। युवाओं को उनके आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए देश की प्रगति में सकारात्मक योगदान देना चाहिए। श्रीमती रेनू डाबला ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने तथा एकजुट होकर सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलवाई गई। इस दौरान जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में तहसीलदार दिनेश कुमार, बीडीपीओ करतार सिंह, नगर पालिका सचिव विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।