राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सिरसा में इंटर-पॉली वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, सिरसा की टीम सेमीफाइनल में पहुंची
सिरसा,
हरियाणा राजकीय बहुतकनीकी विभाग के तत्वावधान में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सिरसा में दो दिवसीय इंटर-पॉली वॉलीबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 पॉलिटेक्निक संस्थानों की टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा के विभिन्न जिलों से 20 पॉलिटेक्निक संस्थानों की टीमें अपने इंचार्ज के साथ सिरसा पहुंची हैं। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सिरसा को इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता में राजकीय पॉलिटेक्निक मोरनी, हिसार, नानकपुर, सोनीपत, उमरी, महम, नारनौल, रोहतक, दामला, चीका, जमालपुर, आदमपुर, सिरसा, नीलोखेड़ी, भिवानी, पंचकूला, झज्जर, संघी, अंबाला और मानेसर की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
संस्थान के प्राचार्य राजेंद्र कुमार जिंदल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा खेल भावना का परिचय दें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की।
इस अवसर पर संस्थान के विभागाध्यक्ष मन्नू लाल, बलविंदर कंबोज, सुभाष चंद्र, देवेंद्र कुमार, विक्रम सनवाल और मोहित कुमार सहित स्पोर्ट्स प्रेसिडेंट अरविंदर सिंह तथा स्पोर्ट्स ऑफिस इंचार्ज हरनेक सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन विपुल पंत ने किया।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। शानदार प्रदर्शन के आधार पर चार टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जिनमें राजकीय पॉलिटेक्निक नानकपुर और राजकीय पॉलिटेक्निक सिरसा की टीमें शामिल हैं।
