सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत दुजाना कॉलेज में युवाओं से हुआ संवाद, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने का किया आह्वान

 
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत दुजाना कॉलेज में युवाओं से हुआ संवाद, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने का किया आह्वान

 विकसित भारत @2047 के सारथी बनेंगे युवा :  शेखावत

बेरी(झज्जर), 6 अक्टूबर।

भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। युवाओं की रचनात्मक सोच को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय, दुजाना में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य नसीब सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

युवा समस्याओं के समाधान के लिए दें नए आइडिया : दिनेश
जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने कहा कि आज का भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। अब युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित रहने के बजाय उद्यमिता, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़कर रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत केवल योजनाओं और भाषणों से नहीं, बल्कि युवाओं की नई सोच और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों से बनेगा।’

नशामुक्त और जिम्मेदार समाज के निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान दिनेश शेखावत ने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और मजबूत नैतिक चरित्र अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज और राष्ट्र के विकास में मिले। विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन और राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयकारों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

आइडिया को उद्योग में बदलने की दी जानकारी
एमएसएमई विभाग के उद्योग विस्तार अधिकारी नीरज सिंह ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप और उद्योग जगत की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने केंद्र व हरियाणा सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं, मुद्रा ऋण और युवा उद्यमिता से जुड़ी नीतियों की जानकारी देते हुए बताया कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से कॉलेज स्तर का एक छोटा प्रोजेक्ट भी भविष्य में सफल उद्यम का रूप ले सकता है।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर विधानसभा बेरी के सह संयोजक रविंद्र छारा, यादबीर सैनी, अनिल दलाल, जिला उद्योग केंद्र के उद्योग विस्तार अधिकारी नीरज सिंह, डॉ. सीमा कुंडू, डॉ. रजनी दुआ, डॉ. सुनीता छिक्कारा, डॉ. अनिता खासा, डॉ. सजनी देवी, डॉ. दीपा, डॉ. भागेश्वरी, डॉ. अंजू, डॉ. मोनिका सहित समस्त प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।