पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और साइकिल स्टैंड का उद्घाटन, सातरोड खास के कन्या स्कूल को मिली बड़ी सौगात

 
पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और साइकिल स्टैंड का उद्घाटन, सातरोड खास के कन्या स्कूल को मिली बड़ी सौगात

हिसार । लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को सातरोड खास स्थित चौधरी मुंशी राम सहारण राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड द्वारा सीएसआर फंड के तहत करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन कार्यों में पुस्तकालय, तीन वाटर कूलर, साइकिल स्टैंड, प्रार्थना स्थल शेड, शौचालय तथा कंप्यूटर लैब के रिनोवेशन सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो, ताकि वे अपनी प्रतिभा का पूर्ण विकास कर सकें।


उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से इस विद्यालय के कायाकल्प के लिए पुरानी बिल्डिंग के स्थान पर नया दो मंजिला भवन बनवाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। नए भवन सहित सभी विकास कार्य पूर्ण होने के बाद यह विद्यालय जिले के आधुनिकतम विद्यालयों में शामिल होगा और यहां पढ़ने वाली छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।

मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर युवाओं को मिल रहे अवसर

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूर्ण पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां देने की नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया है। इससे प्रदेश के प्रतिभाशाली और योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के आगे बढऩे के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के क्रियान्वयन में भी पारदर्शी नीति अपना रही है और प्रत्येक क्षेत्र में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और प्रदेश की प्रगति का आधार है। इसलिए सरकार स्कूलों में भवन, पेयजल, शौचालय, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों की कैबिनेट मंत्री ने सराहना करते हुए उन्हें आगे भी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों की ओर से कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, पार्षद सुरजीत सैनी, विजेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद राजपाल मांडू, जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अधीक्षण अभियंता अविनाश यादव, विनीत पातड़, गुरिंदर सहारण, प्राचार्य संतोष मलिक, कुलदीप मलिक, उर्मिला, राजेंद्र सांगवान, अर्चना, सुहासिनी, अनिल शर्मा, नरेंद्र, धरती पकड़, बालकृष्ण शर्मा, राजकुमार श्योराण, उदय सिंह, झारखंड, नीरज, सुमन सैनी, विकास सातरोड, विजेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।