समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने सुनीं लोगों की समस्याएं, विभागों को संबंधित आवेदनों पर समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के दिए निर्देश
हिसार, 07 सितंबर।
लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक कर लोगों से उनकी शिकायतों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी शिकायतों का नियमानुसार त्वरित और प्रभावी निपटारा करना सुनिश्चित किया जाए।
समाधान शिविर में गांव आदमपुर निवासी एक प्रार्थी द्वारा बिजली चोरी रूकवाने एवं अवैध कनेक्शन रद्द करवाने की मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को उक्त मामलों पर आगामी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। गांव बगला निवासी राजेंद्र सिंह द्वारा लोन स्वीकृति उपरांत शाखा प्रबंधक द्वारा ऋण प्रक्रिया को आगे न बढ़ाने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का निदान करने की हिदायत दी। गांव न्योली खुर्द निवासी एक प्रार्थी द्वारा हिसार कैंट सीवरेज का पानी बालसमंद ब्रांच में डालने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर समस्या का स्थायी समाधान करने की दिशा में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार हांसी स्थित दयाल सिंह कॉलोनी निवासी प्रेम कुमारी द्वारा खंड अग्रोहा के स्कूल से बच्चों की एसएलसी दिलवाने संबंधी मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। गांव खरकड़ा निवासी एक महिला प्रार्थी द्वारा घरेलू हिंसा संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले पर विभागीय कार्रवाई करने को कहा।
इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
