संत शिरोमणि पंडित जानकी प्रसाद शर्मा की पुण्य स्मृति में तीन दिवसीय अखंड पाठ एवं विशाल भंडारे के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न
रात्रिकालीन भजन-सत्संग में गूंजी संत कबीरदास जी की अमृतमयी वाणी, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने लिया आध्यात्मिक आनंद
इकतारा बजाकर संत कबीरदास जी की वाणी का सत्संग करते थे दादाजी, आज भी परिवार निभा रहा उनकी आध्यात्मिक परंपरा : डॉ. अरविंद शर्मा
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने परिवार सहित संत-महापुरुषों का लिया आशीर्वाद, विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
माता बिमला देवी, धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा सहित परिवार के सदस्यों ने धार्मिक अनुष्ठान में की शिरकत
दादाजी के संस्कार और आदर्श हमारे परिवार की अमूल्य धरोहर, जनसेवा ही सच्ची प्रभु सेवा : डॉ. अरविंद शर्मा
झज्जर, 12 नवंबर।
हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के दादाजी परम पूज्य संत शिरोमणि पंडित जानकी प्रसाद शर्मा की पुण्य स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम बृहस्पतिवार को संत गरीबदास महाराज की पावन वाणी के अखंड पाठ की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा पूर्वक संपन्न हो गया। इससे पूर्व रात्रिकालीन भजन-सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें संत कबीर दास जी की अमृतमयी वाणी और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने शिरकत कर संत-महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपनी माता बिमला देवी, धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा सहित परिवार के सभी सदस्यों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। परिवार के सदस्यों ने संत-महापुरुषों का आदर-सत्कार किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अखंड पाठ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और परिवार के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा की।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि उनके पूजनीय दादाजी संत शिरोमणि पंडित जानकी प्रसाद शर्मा का संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक चिंतन, समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनका संत कबीर दास जी की वाणी और आध्यात्मिक चिंतन से गहरा लगाव था। वे स्वयं इकतारा बजाकर संत कबीर दास जी की अमृतमयी वाणी का सत्संग किया करते थे और लोगों को सत्य, सादगी, सदाचार, प्रेम तथा मानव सेवा का संदेश देते थे। उनके सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करते थे। डॉ. शर्मा ने कहा कि दादाजी के इकतारे की मधुर धुन और उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं की स्मृतियां आज भी परिवार के लिए अनमोल धरोहर हैं। उन्हीं के आदर्शों और संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए परिवार प्रतिवर्ष उनकी पुण्य स्मृति में अखंड पाठ, भजन-सत्संग और विशाल भंडारे का आयोजन करता है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संत कबीरदास जी और संत गरीबदास महाराज की वाणी मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देती है। संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को एकजुट रखने और नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का वास्तविक उद्देश्य समाज में सद्भाव बढ़ाना और जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रेरित करना है। जन सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा है और यही संस्कार उन्हें अपने पूर्वजों से विरासत में मिले हैं।
उन्होंने कहा कि उनके दादाजी ने हमेशा जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का संदेश दिया। उनके जीवन का मूल मंत्र सादगी, परोपकार और समाज कल्याण रहा। परिवार का प्रत्येक सदस्य उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए जनसेवा के कार्यों में योगदान देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों की शिक्षाएं केवल स्मृतियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपने आचरण और व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि परिवार द्वारा वर्षों से निभाई जा रही इस धार्मिक परंपरा को भविष्य में भी पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ जारी रखा जाएगा। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। संत कबीर दास जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास को मजबूत बनाना ही संत-महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धा है।
रात्रिकालीन भजन-सत्संग में गूंजी कबीर दास जी की वाणी, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान संत गरीबदास महाराज की पावन वाणी का निरंतर पाठ किया गया। समापन से पूर्व आयोजित रात्रिकालीन भजन-सत्संग में संत कबीर दास जी की अमृतमयी वाणी और भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। संत-महापुरुषों ने श्रद्धालुओं को सत्य, सदाचार, परोपकार और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। बृहस्पतिवार को अखंड पाठ की पूर्णाहुति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आयोजन में पहुंचे सभी संत-महापुरुषों, श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी का स्नेह और आशीर्वाद परिवार को समाज सेवा के कार्यों के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
