सिरसा में SIR को लेकर अहम बैठक, 26-27 सितंबर को बूथों पर लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां

 
सिरसा में SIR को लेकर अहम बैठक, 26-27 सितंबर को बूथों पर लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां

सिरसा, 14 सितंबर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उपायुक्त ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 30 सितंबर तक रहेगी, जबकि इनका निपटान 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को होगा। विशेष अभियान के तहत 26 व 27 सितंबर को जिले के सभी 1087 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहकर नए वोट बनवाने तथा मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित फार्म प्राप्त करेंगे। बैठक में भाजपा से तरुण गुलाटी, इनेलो से ओम प्रकाश, बसपा से प्रेम राठी, जेजेपी से कुलदीप जांगू, आम आदमी पार्टी से डॉ. सुकेश अरोड़ा व हंसराज सामा, कांग्रेस से संजय नायक मौजूद रहे। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति कर उनकी सूची फार्म-1 व 2 में जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीएलए अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग करें तथा मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे और मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित तैयार हो सके।
फार्म-6 और फार्म-8 के साथ घोषणा पत्र अनिवार्य
उपायुक्त ने बताया कि इस बार नए वोट के लिए फार्म-6, वोट कटवाने के लिए फार्म-7, मतदाता सूची में दर्ज विवरण को शुद्ध करवाने के लिए फार्म-8 के साथ घोषणा पत्र जमा करवाना होगा। इसमें आवेदक को पिछले निर्वाचक नामावली में अपना विवरण, माता-पिता और पति-पत्नी का ईपीआईसी नंबर देना होगा। उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से 26 व 27 सितंबर के विशेष अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।