जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण
भिवानी, 14 अक्टूबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के सफल संचालन के लिए लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनगणना संचालन निदेशालय, हरियाणा के संयुक्त निदेशक लक्ष्मण सिंह तथा जनगणना अधिकारी जसबीर सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिला सांख्यिकीय अधिकारी एवं उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. भागीरथ कौशिक ने की।
संयुक्त निदेशक लक्ष्मण सिंह तथा जनगणना अधिकारी जसबीर सिंह ने कार्यशाला में बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में हरियाणा में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी। इस दौरान प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। जनगणना का कार्य ऑनलाइन मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से होगा। नागरिकों को स्वयं-गणना के तहत ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि के बाद पांच दिवसीय पुनरीक्षण चरण में 28 फरवरी 2027 तक जन्म एवं मृत्यु संबंधी जानकारी पोर्टल पर अद्यतन की जाएगी। अधिकारियों ने जनगणना कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार सुचारू, प्रभावी एवं सटीक ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में उप जिला जनगणना अधिकारी रणबीर सिंह, जिले के सभी चार्ज जनगणना अधिकारी, तहसीलदार तथा शहरी क्षेत्रों की नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं के कार्यकारी अधिकारी, सचिव और जिला सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।
