सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का जमीनी स्तर पर दिखे प्रभाव :- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का जमीनी स्तर पर दिखे प्रभाव :- उपायुक्त सतबीर सिंह

 उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला में सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने तथा इसकी प्रत्येक गतिविधि का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रभाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों को अभियान के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों के उपरांत संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की प्रभावी क्रियान्विति एवं सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये। मुख्यमंत्री ने अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से अभियान के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी रूपरेखा तथा प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की बेहतर योजना बनाने तथा सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
बैठक में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग तथा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी तैयारियों तथा प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तैयार की गई कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह की अवधि में आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, पात्र नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी, जब इसका वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे और प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़ सके।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिला में पिछले 12 वर्षों के दौरान करवाए गए प्रमुख विकास कार्यों की विभागवार सूची तैयार की जाए। साथ ही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची भी तैयार कर सोमवार तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों में प्रभावी समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहायता दी जाएगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिविरों एवं सेवा गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उपायुक्त ने कहा कि सेवा मेरा योगदान के तहत नागरिकों को अपने घर, गांव, पड़ोस, स्कूल, कार्यस्थल एवं सार्वजनिक स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रमों का दौरा, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सडक़ सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियों तथा दिव्यांगजनों की सहायता सहित 25 विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सतबीर सिंह ने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने है। अभियान में पारदर्शिता, जनभागीदारी और समयबद्ध सेवा वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थी देश के विकास, उपलब्धियों और बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।इसी प्रकार राष्ट्रीय नवाचार चुनौती के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को डिजिटल समाधान तथा जमीनी स्तर पर सुशासन से जुड़े नवाचार विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उपयोगी नवाचारों को व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि नमो सेवा गाथा के माध्यम से सेवा कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास की कहानियों को नुक्कड़ नाटकों के जरिए आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन स्कूल-कॉलेज, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा। वहीं, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव आयोजित होगा, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, माताओं, पोषण, स्वास्थ्य तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सतबीर सिंह ने कहा कि एक माह तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य जनसेवक महाकुंभ के साथ संपन्न होगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए विभागों के बीच बेहतर तालमेल, नियमित निगरानी तथा अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोहतक जिला में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुडक़र विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें तथा समाजहित में अपना योगदान दें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, श्री राव नरबीर सिंह, श्री महिपाल ढांडा, श्री विपुल गोयल, डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, श्री श्याम सिंह राणा, श्री रणबीर गंगवा, श्री कृष्ण कुमार बेदी तथा श्रीमती आरती सिंह राव, राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम, राज्य मंत्री श्री राजेश नागर, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी बी.बी. भारती, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह व नमिता सिंह, महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार, महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर, नगराधीश शुभम,पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, परिवहन डिपो के महाप्रबंधक नवीन कुमार व जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक सहित अन्य विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।