*पोस्टिंग बदलवाने के नाम पर ₹4,000 रिश्वत लेते होमगार्ड गिरफ्तार*

 

- *पलवल से नूंह ड्यूटी लगवाने के लिए मांगी थी ₹7,000 रिश्वत; ₹3,000 पहले ही ले चुका था आरोपी*

- *जांच के दौरान सेंटर कमांडर की भूमिका सामने आने पर उसे भी किया गया गिरफ्तार*

चंडीगढ़, 8 अक्टूबर। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गृह रक्षक विभाग, नूंह से संबंधित होमगार्ड अनिश को ₹4,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता की ड्यूटी/पोस्टिंग जिला पलवल से जिला नूंह में करवाने के नाम पर ₹7,000 की रिश्वत की मांग की गई थी। आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से ₹3,000 की रिश्वत ले चुका था तथा शेष ₹4,000 की राशि लेते हुए एसीबी टीम ने उसे गिरफ्तार किया।

- *पोस्टिंग/ड्यूटी बदलवाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत*

शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि होमगार्ड अनिश द्वारा उसकी ड्यूटी नूंह में लगवाने/पोस्टिंग बदलवाने के एवज में ₹7,000 रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोपी ने शिकायतकर्ता को धमकी दी थी कि यदि रिश्वत की राशि नहीं दी गई तो उसकी ड्यूटी पलवल में ही लगाई जाती रहेगी। शिकायत के सत्यापन के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार मंडल, हिसार के उपकेंद्र भिवानी की टीम द्वारा नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी अनिश ने पहले शिकायतकर्ता से ₹3,000 की रिश्वत प्राप्त कर ली थी और बाद में शेष ₹4,000 की मांग की। ट्रैप के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से ₹4,000 की शेष रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।