छूने से नहीं फैलता एचआईवी, जागरूकता  ही बचाव का माध्यम : कप्तान सिंह

 
छूने से नहीं फैलता एचआईवी, जागरूकता  ही बचाव का माध्यम : कप्तान सिंह

 झज्जर, 13 अक्टूबर।
जिलाभर में 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान थींम पर गतिविधियों का आयोजन जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को  एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को झज्जर में बाइक रैली निकाली गई। जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना और सीटीएम ऋतु ने सिविल अस्पताल परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि एड्स बीमारी से बचाव के लिए सही जानकारी और समय पर जांच बेहद जरूरी है। साथ ही, एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन  से अपील की कि वे बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों से दूर रहें और प्रभावित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करें।  रैली के माध्यम से युवाओं ने आमजन को जागरूक करते हुए संदेश दिया कि सही जानकारी अपनाएं, जरूरत पड़ने पर जांच करवाएं और एचआईवी से प्रभावित लोगों के प्रति सकारात्मक सोच रखें।
जागरूकता और संवेदनशील व्यवहार जरूरी : डॉ. मंजू
सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान ने कहा कि डीसी वर्षा खांगवाल के निर्देशानुसार जिला में एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रभावित व्यक्तियों के लिए भेदभाव-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि एचआईवी के संबंध में प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करें, आवश्यकता होने पर जांच करवाएं तथा प्रभावित व्यक्तियों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करें।

एड्स से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. निधि मोमिया ने एचआईवी व एड्स से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 तथा ब्रेक फ्री इंडिया पोर्टल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों को इन संसाधनों का उपयोग करने और जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण इकाई (डीएपीसीयू), रेड रिबन क्लब तथा हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली से आमजन को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के यह अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर  एमएस डॉ. अजय सिंधला, डीएमएस डॉ. यशपाल मोमिया, सभी डिप्टी सिविल सर्जन, सभी एसएमओ, डॉ. राकेश, दिशा क्लस्टर मैनेजर प्रीति,आईसीटीसी काउंसलर अंजू सुहाग, राजेंद्र महाजन और मीनाक्षी, डीपीसी शमशेर, पीपीएम मीनाक्षी, ममता सहित रेड रिबन क्लब के प्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।