Hisar News: मातृभूमि के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रतीक है हर घर तिरंगा अभियान : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल                                                        

 
Hisar News: मातृभूमि के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रतीक है हर घर तिरंगा अभियान : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल                                                        

 
 

हिसार, 09 अगस्त। 

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा है कि हर घर तिरंगा अभियान मातृभूमि के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रतीक है, इसलिए हम सभी को बढ़ चढ़ कर इस अभियान में प्रतिभागिता करनी चाहिए। लघु सचिवालय परिसर में तिरंगा अभियान के तहत लगाई गई प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने यह बात कही। इस अवसर पर विभिन्न गांव व शहरी क्षेत्र में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रविवार से अभियान का आगाज हो गया है। इस अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना प्रदर्शित करने का अवसर है। राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलता है।

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बताया कि तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर एसबीआई के समीप लगाई गई प्रदर्शनी में हमारे तिरंगा के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी विभिन्न जानकारी प्रदर्शित की गई है। ऐसी प्रदर्शनी नगर निगम, टाउन पार्क व अन्य स्थानों पर भी लगाई जाएगी ताकि युवाओं को महत्व पूर्ण जानकारी दी जा सके। इस अवसर पर ज़िला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुभाष चंद्र, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।