Hisar News: समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनीं जनसमस्याएं

 
Hisar News: समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनीं जनसमस्याएं


हिसार, 10 अगस्त।
समाधान शिविर में सोमवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना है, इसलिए किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। समाधान शिविर में कुल 20 शिकायतें दर्ज कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए जबकि 16 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।


गांव हरिकोट निवासी राजबीर सिंह द्वारा बिजली बिल अधिक आने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। गांव किरमारा निवासी एक प्रार्थी द्वारा पंचायती जमीन पर अवैध कब्जा संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने बीडीपीओ को इस पर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

गांव चौधरीवास निवासी मोहन लाल द्वारा बारिश के मकान की छत गिरने से हुए नुकसान के मुआवजा की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिला राजस्व अधिकारी को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करने के दिशा निर्देश दिए। गांव खांडा खेड़ी निवासी कपिल देव द्वारा टयूबवैल के लिए बिजली कनैक्शन निर्धारित समय पर न मिलने की शिकायत पर उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का समाधान करने की हिदायत दी।

वार्ड न. 5 मुलतानी चौक निवासी एक प्रार्थी द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य करने और अधिकारियों द्वारा धमकाए जाने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस मामले पर जल्द से जल्द से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।  


इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसीयुटी विवेक यादव, एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।