हिसार । बरवाला शहर में घर-घर पानी और सीवर कनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जेई, एसडीईओ और विभागीय कर्मचारियों की टीम शहर में घर-घर दस्तक देकर लोगों को कनेक्शन लेने के लिए जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान कम खर्च में पानी और सीवर कनेक्शन मंजूर किए जा रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए उपमंडल अभियंता विजयपाल भुक्कल ने बताया कि पानी व सीवर कनेक्शन मंजूर करवाने के लिए रोड कट चार्ज सहित अन्य शुल्क में योजना के तहत छूट प्रदान की गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आधार कार्ड, फैमिली आईडी और मकान की रजिस्ट्री की कॉपी तैयार रखें। विभाग की टीम के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज जमा करवाएं, ताकि मौके पर ही पानी व सीवर कनेक्शन मंजूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि पानी व सीवर कनेक्शन की फीस उपभोक्ताओं के पानी व सीवर बिल के साथ जोड़ दी जाएगी। विभागीय अभियान को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक कनेक्शन नहीं करवाए हैं, उन्हें जल्द से जल्द वैध पानी व सीवर कनेक्शन लेने की अपील की गई है।
उपमंडल अभियंता ने बताया कि अभियान के बाद शहर में अवैध पानी व सीवर कनेक्शनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अवैध कनेक्शन काटने के साथ संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी किए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य शहर के अंतिम घर तक स्वच्छ पेयजल और जल स्वच्छता की सुविधा पहुंचाना है।
