नारनौल में जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंची स्वास्थ्य मंत्री आरती राव:युवाओं से कहा, श्रीकृष्ण के आदर्श अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में निभाएं भूमिका

 
नारनौल में जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंची स्वास्थ्य मंत्री आरती राव:युवाओं से कहा, श्रीकृष्ण के आदर्श अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में निभाएं भूमिका

 

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता का कर्मयोग आज भी पूरी मानवता के लिए उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से गीता की शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर संस्कारवान समाज और विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य मंत्री अटेली स्थित अपने कार्यालय में यादव सभा अटेली द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। यादव सभा के पदाधिकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डाला।

आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसे साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि गीता हमें निष्ठा, अनुशासन, कर्तव्यबोध और सेवा की भावना का संदेश देती है। युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर इन मूल्यों को जीवन में अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर भी है। समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

स्वास्थ्य ढांचा कर रहे मजबूत

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। विभाग में रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों सहित प्रदेश के हर नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।

युवाओं को किया सम्मानित

इस अवसर पर यादव सभा ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत और लगन से देश-दुनिया में पहचान बनाई है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में समर्पित करने का आह्वान किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक अनिल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष यतेन्द्र राव, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव सहित यादव सभा के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।