ऐलनाबाद, 6 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत उपमंडल नागरिक अस्पताल ऐलनाबाद में मंगलवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आमजन की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता अमीर चंद मेहता, नरेश कटारिया, जसवीर चहल, रवि लड्डा, एमिनेंट पर्सन धीरज तनेजा व चंद्र प्रकाश तथा जिला आईटी सेल से कविता सिहाग मौजूद रहीं। सिविल सर्जन सिरसा डॉ. पवन कुमार और डॉ. विपुल गुप्ता ने भी शिविर में शिरकत की। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. कनुप्रिया भाटिया और डॉ. प्रिंस ग्रोवर समेत नागरिक अस्पताल ऐलनाबाद की टीम मौजूद रही।
शिविर में सिविल अस्पताल सिरसा से हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रिया कंबोज, बेहोशी विशेषज्ञ डॉ. रणबीर सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लीना चौधरी, फिजिशियन डॉ. गगनदीप, जनरल सर्जन डॉ. अभिनव जोशी तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश गोदारा ने सेवाएं दीं। इसके अलावा बलविंदर सिंह काउंसलर, सन्नी, किशोरावस्था काउंसलर कमल कक्कड़, डॉ. विनोद जांगड़ा, फिजियोथेरेपी विभाग, एक्स-रे विभाग, टेली-ईसीजी, लैब टेक्नीशियन, एनजीओ से विशाल, अनिल व महक कम्युनिटी मोबिलाइजर तथा उपमंडल नागरिक अस्पताल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
शिविर के दौरान कुल 395 लोगों का पंजीकरण किया गया। हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा 23, फिजिशियन द्वारा 89, फिजियोथेरेपी द्वारा 20 तथा होम्योपैथिक विभाग की डॉ. कनुप्रिया द्वारा 98 मरीजों की जांच की गई। नशा मुक्ति विभाग द्वारा 7 मरीजों की जांच की गई तथा 7 मरीजों की काउंसलिंग की गई। नेत्र रोग विभाग द्वारा 36 और स्त्री रोग विभाग द्वारा 52 मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा 44 गर्भवती महिलाओं की भी जांच की गई।
शिविर में लैब द्वारा कुल 150 जांचें, टेली-ईसीजी के माध्यम से 16 मरीजों की ईसीजी, मित्रता क्लिनिक द्वारा 17 बच्चों की काउंसलिंग तथा दंत चिकित्सा विभाग द्वारा 24 मरीजों की जांच की गई। एक्स-रे विभाग द्वारा 62 लोगों के एक्स-रे किए गए। आयुष्मान मित्र द्वारा 4 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत 7 मरीजों को नि:शुल्क भर्ती की सुविधा प्रदान की गई।
