हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने कंगनपुर और नेजाडेला में भरा भात, पूरे हुए 98 भात
सिरसा।
हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने एक बार फिर समाज सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया है। ट्रस्ट को दो अलग-अलग गांवों में जाकर बेटियों के विवाह पर भात भरने और मायके का फर्ज निभाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने गांव कंगनपुर में मनजीत कौर व बलवीर सिंह शेरगिल की पुत्री प्रियंका कौर तथा गांव नेजाडेला में सीमा देवी एवं स्वर्गीय श्री सुरजीत कुमार बजरावत की पुत्री वीना रानी के निवास स्थान पर पहुंचकर विधि-विधान व परंपरा के साथ भात भरा। मनीष सिंगला ने बताया कि माताश्री श्रीमती सुशीला देवी जी के असीम आशीर्वाद और प्रेरणा से हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के 98 भात सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। मनीष सिंगला ने बताया कि हमारा मानना हैं कि बेटियां पैदा नहीं होती बल्कि अवतरित होती हैं।
नवरात्रों के शुभ दिनों में बेटियों का भात भरना, ऐसा लगता हैं जैसे साक्षात माँ दुर्गा की पूजा हो गई हो। तो वहीं ट्रस्ट द्वारा संकट और खुशी के हर पल में परिवार के एक सदस्य की तरह साथ निभाने की इस पहल ने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। दोनों बेटियों के परिजनों ने हारे का चैरिटेबल ट्रस्ट और पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा बेटियों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर निजी सचिव हरजिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिज़ारनिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
