रेवाड़ी में हाफ मैराथन कल, CM सैनी दिखाएंगे हरी झंडी:90 हजार लोग दौड़ेंगे, आज शाम से ट्रैफिक डायवर्जन
रेवाड़ी शहर में 6 सितंबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में करीब 90 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सुरक्षा के लिए ड्रोन, सीसीटीवी समेत थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मैराथन के मद्देनजर 5 और 6 सितंबर को शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
10 किलोमीटर मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को शनिवार को राव तुलाराम पार्क में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किट और बीब्स वितरित किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से प्रतिभागियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सुबह 6 बजे स्टेडियम से शुरू होगी मैराथन
रविवार 6 सितंबर को कार्यक्रम सुबह 5 बजे शुरू होगा और मैराथन सुबह 6 बजे राव तुलाराम स्टेडियम से रवाना होगी। निर्धारित रूट के अनुसार प्रतिभागी राव अभय सिंह चौक, पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक से होते हुए गढ़ी बोलनी रोड स्थित बीएमजी एलिगेंट सिटी तक जाएंगे। यहां से यू-टर्न लेकर वापस आएंगे।
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक बंद
5 सितंबर की शाम 5 बजे से 6 सितंबर दोपहर 12 बजे तक धारूहेड़ा-गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर एनएच-52 फ्लाईओवर के नीचे से अभय सिंह चौक तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
इसके अलावा 6 सितंबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक आउटर सर्कुलर रोड पर राव अभय सिंह चौक, पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक होते हुए बीएमजी एलिगेंट सिटी तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
ड्राइवर इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
नारनौल और महेंद्रगढ़ से गुरुग्राम, दिल्ली व जयपुर जाने वाले वाहन हरि नगर फ्लाईओवर के ऊपर से रेवाड़ी बाइपास, गोकलगढ़, प्रजापति चौक होते हुए एनएच-352 से आगे जा सकेंगे। नारनौल रोड एनएच-11 का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
गुरुग्राम और दिल्ली से नारनौल व महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहन पुलिस लाइन के पास एनएच-352 से एनएच-11 का रास्ता अपना सकेंगे। रेवाड़ी शहर में आने के लिए रेवाड़ी-धारूहेड़ा रोड से एनएच-352, मीरपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे से प्रजापति चौक, गोकलगढ़ और रेवाड़ी बाइपास का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा एनएच-11 से बावल रोड, आईओसी चौक होते हुए शहर में प्रवेश किया जा सकेगा।
बसों के लिए भी बदले रूट
पटौदी, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली जाने वाली रोडवेज व निजी बसें रेवाड़ी सर्कुलर रोड से झज्जर चौक होते हुए संचालित होंगी। जयपुर और दिल्ली जाने वाली बसें रेवाड़ी से बावल रोड और एनएच-11 के रास्ते चलेंगी।
पार्किंग के लिए दो जगह तय
मैराथन में आने वाले वाहन चालकों के लिए नए बस स्टैंड के पास और दिल्ली रोड पर बालाजी मार्केट के पास खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने और तय पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।
नवीन पुनिया और सत्यन लांबा देंगे प्रस्तुति
मैराथन के दौरान हरियाणवी गायक नवीन पुनिया और सत्यन लांबा प्रस्तुति देंगे। लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन को उत्सव का रूप देंगे। कार्यक्रम में ‘नशामुक्त हरियाणा’ की थीम भी प्रमुख रहेगी। जागरूकता प्रदर्शनी और सैंड आर्ट के जरिए नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ जीवन का संदेश दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
डीसी अभिषेक मीणा ने लोगों से मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और ‘नशामुक्त हरियाणा, खेलयुक्त हरियाणा’ के संकल्प को मजबूत करने की अपील की। प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकते हैं।
प्रशासन की ओर से रूट पर स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस, पेयजल, रिफ्रेशमेंट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारी लगातार बैठकें कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
