झज्जर। बाबू बालमुकुंद गुप्त पत्रकारिता एवं साहित्य संरक्षण परिषद् की ओर से प्रसिद्ध पत्रकार एवं साहित्यकार बाबू बालमुकुंद गुप्त जी की स्मृति में 8 से 15 सितंबर तक गुप्त स्मृति सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह के अंतर्गत झज्जर जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आज जहाजगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में निबन्ध लेखन, चित्रकला और व्याकरण की प्रतियोगिता करवाई गई।
परिषद् के संयोजक डॉ. प्रवीण खुराना ने बताया कि विद्यार्थियों को गुप्त जी के जीवन, साहित्य, पत्रकारिता एवं हिंदी भाषा के प्रति उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से निबंध लेखन, गुप्त जी के चित्र बनाने, कविता तथा हिंदी व्याकरण संबंधी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में हिंदी भाषा, साहित्य एवं पत्रकारिता के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ बाबू बालमुकुंद गुप्त जी के विचारों और योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराया जाएगा।
डॉ. खुराना ने बताया कि प्रतियोगिताओं में विजेताओं को प्रमाण पत्र के साथ ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं साहित्यिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गुप्त स्मृति सप्ताह के कार्यक्रमों की श्रृंखला के पश्चात 18 सितंबर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें साहित्य, पत्रकारिता एवं शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिये प्राध्यापक संजय शर्मा, दलवन्ती सहरावत, मनोज कुमार खेड़ी खुम्मार सहित अन्य प्रतिनिधि सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ. प्रवीण खुराना ने कहा कि परिषद् का उद्देश्य बाबू बालमुकुंद गुप्त जी की स्मृति को जीवंत रखने के साथ-साथ उनके निर्भीक पत्रकारिता के आदर्श, साहित्यिक योगदान और हिंदी के प्रति समर्पण को विद्यार्थियों एवं युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से इन आयोजनों में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया।
