तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेले में पर्यटकों की पसंद बनी गुजरात की बेडशीट और रजाई

 
तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेले में पर्यटकों की पसंद बनी गुजरात की बेडशीट और रजाई

डिजाइन और कॉटन की गुणवत्ता ने खींचा लोगों का ध्यान, सर्दी व गर्मी दोनों मौसम में उपयोगी हैं उत्पाद

सूरजकुंड (फरीदाबाद), 

तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेला-2026 में देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। मेले में गुजरात के स्टॉल पर उपलब्ध आकर्षक डिजाइन वाली बेडशीट, रजाई और चादरें लोगों की पसंद बनी हुई हैं। बेहतरीन डिजाइन, कपड़े की गुणवत्ता और उपयोगिता के कारण इन उत्पादों की अच्छी मांग देखने को मिल रही है।

गुजरात के इस स्टॉल पर विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों में तैयार की गई बेडशीट, रजाई और चादरों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। खास बात यह है कि यहां मिलने वाली बेडशीट का उपयोग सर्दी और गर्मी, दोनों मौसमों में किया जा सकता है। वहीं, कॉटन से तैयार की गई रजाइयां भी पर्यटकों को खूब पसंद आ रही हैं। इनकी बनावट, आरामदायक कपड़े और सुंदर डिजाइन लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।

स्टॉल संचालकों के अनुसार, मेले में आने वाले पर्यटक उत्पादों की गुणवत्ता और डिजाइन को लेकर काफी रुचि दिखा रहे हैं। यहां घरेलू उपयोग के लिए उपयोगी वस्तुओं के साथ-साथ आकर्षक रंगों और पारंपरिक शैली में तैयार किए गए उत्पाद भी उपलब्ध हैं। इससे पर्यटकों को एक ही स्थान पर अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी करने का अवसर मिल रहा है।

स्टॉल संचालकों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेले में उनके उत्पादों को स्थान देने और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने से उन्हें अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेले कारीगरों, बुनकरों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ देश की पारंपरिक कला एवं उत्पादों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।