हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत पीटीसी सुनारिया में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा 

 
हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत पीटीसी सुनारिया में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा :-

 रोहतक, 14 अगस्त। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल के निर्देशानुसार हर घर
तिरंगा अभियान-2026 के तहत आज पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), सुनारिया, रोहतक
के परिसर में भव्य एवं गरिमापूर्ण तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रीय
ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

पीटीसी सुनारिया के डीएसपी कुलबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में
महाविद्यालय के प्रशिक्षणार्थियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ
भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर पूरे परिसर में अनुशासित
एवं गरिमापूर्ण ढंग से मार्च किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा अन्य देशभक्ति के नारों से पूरा
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय देशभक्ति के रंग में रंग गया। प्रतिभागियों में राष्ट्रीय ध्वज को
लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा ने न केवल पुलिस कर्मियों में राष्ट्रप्रेम की भावना
को अभिव्यक्त किया, बल्कि उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के
प्रति अपने दायित्वों की याद भी दिलाई।

इस अवसर पर डीएसपी कुलबीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की एकता,
अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्र हमें देश के

महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सैनिकों तथा उन सभी राष्ट्रभक्तों के त्याग और बलिदान की
याद दिलाते हैं, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है,
बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी की
भावना को मजबूत करने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के
सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-
जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज में राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे का संदेश
दें।

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रशिक्षणार्थियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने अनुशासन, एकजुटता और
देशभक्ति का परिचय दिया। यात्रा के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राष्ट्र की सेवा केवल
अपने कर्तव्यों के निर्वहन तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय मूल्यों, संविधान, एकता एवं अखंडता
के प्रति सम्मान भी प्रत्येक नागरिक और पुलिस कर्मी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने के संबंध में भी
प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का वातावरण देशभक्ति की
भावना से ओत-प्रोत रहा। तिरंगा यात्रा ने प्रशिक्षणार्थियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में
आपसी एकजुटता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सहभागिता की भावना को और मजबूत किया।

पीटीसी सुनारिया में आयोजित यह आयोजन ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की भावना को
साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने
राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम
का गरिमापूर्ण समापन किया।