रॉयल हवेली में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन ; पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने पत्रकारों का किया आत्मीय स्वागत

 
रॉयल हवेली में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन; पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने पत्रकारों का किया आत्मीय स्वागत

सिरसा।

रॉयल हवेली में दीपावली के पावन अवसर पर एक भव्य 'दीपावली मिलन समारोह' का आयोजन बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, उनके सुपुत्र मनीष सिंगला और पौत्र लक्ष्य सिंगला ने मुख्य मेजबान के रूप में शिरकत की और समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रो. गणेशी लाल और उनके परिवार ने विशेष रूप से आमंत्रित पत्रकार बंधुओं को 'पलकों पर बिठाते हुए' उनका हृदय से अभिनंदन किया। सिंगला परिवार की ओर से की गई आत्मीय मेजबानी ने समारोह में पहुंचे हर व्यक्ति का दिल जीत लिया। समारोह के दौरान प्रो. गणेशी लाल ने उपस्थित पत्रकारों के साथ खुलकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने देश के वर्तमान परिदृश्य, सामाजिक सौहार्द और दीपावली के पावन पर्व के आध्यात्मिक व सामाजिक महत्व पर चर्चा की। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और वे निष्पक्षता के साथ जन-जन की आवाज को बुलंद करते हैं। इस दौरान मनीष सिंगला एवं लक्ष्य सिंगला ने भी सभी आगंतुकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई व शुभकामनाएं दीं। समारोह में विभिन्न मीडिया संस्थानों से लगभग 125 पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गले मिलकर त्योहार की खुशियां बांटीं। अंत में सिंगला परिवार ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, योगेश बिज़ारनिया इत्यादि मौजूद थे