श्री विष्णु क्लब की रामलीला का भव्य एवं दिव्य शुभारंभ: गोपाल कांडा व गोबिंद कांडा ने की शुरुआत, 5 लाख रुपये का दिया सहयोग

 
 श्री विष्णु क्लब की रामलीला का भव्य एवं दिव्य शुभारंभ: गोपाल कांडा व गोबिंद कांडा ने की शुरुआत, 5 लाख रुपये का दिया सहयोग

सिरसा।

सूरतगढ़िया चौक स्थित श्री विष्णु क्लब के मंच पर इस वर्ष की ऐतिहासिक रामलीला का मंचन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया है। मंचन के प्रथम दिन हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) सुप्रीमो व पूर्व गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा तथा उनके अनुज गोबिंद कांडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रामलीला का शुभारंभ किया। इस दौरान कांडा बंधुओं ने क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए रामलीला के लिए 5 लाख रुपये की सहयोग राशि दी। रामलीला स्थल पर पहुंचने पर श्री विष्णु क्लब के प्रधान दीपक सेठी सहित पदाधिकारियों ने गोपाल कांडा और गोबिंद कांडा का जोरदार जयकारों, पुष्पमालाओं और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ स्वागत किया। मंच पर उन्हें ससम्मान बैठाकर पटका पहनाया गया और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मंच पर गोपाल कांडा ने कहा कि रामलीला केवल एक मंचन नहीं, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों का सजीव दर्शन है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को प्रभु श्री राम के त्याग, अनुशासन, मातृ-पितृ भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने की सबसे अधिक आवश्यकता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। संबोधन के दौरान कांडा बंधुओं ने श्री विष्णु क्लब द्वारा वर्षों से निरंतर किए जा रहे इस भव्य आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्य जिस लगन और निष्ठा के साथ इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं, वह वास्तव में वंदनीय है। इस अवसर पर उन्होंने रामलीला के सफल और भव्य संचालन के लिए कांडा परिवार की ओर से 5 लाख रुपये का सहयोग दिया गया। गोपाल कांडा ने कहा कि यह भगवान श्री राम का पावन मंच है। प्रभु के चरणों में जो भी सेवा, सहयोग या जिम्मेदारी कांडा परिवार के हिस्से आएगी, हमारा परिवार उसे सदैव पूरी निष्ठा, समर्पण और श्रद्धा भाव से निभाएगा। समाज और धर्म के कार्यों में कांडा परिवार कभी पीछे नहीं रहेगा। प्रधान दीपक सेठी ने कांडा बंधुओं का धन्यवाद किया और विश्वास दिलाया कि रामलीला का बेहतर मंचन होगा। श्री विष्णु क्लब के महासचिव प्रेम शर्मा ने बताया कि पहले दिन के प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी बेहतरीन संवाद अदायगी और जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 'जय श्री राम' के गगनभेदी जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। इस मौके पर दीपक सेठी, प्रेम शर्मा, आकाश साहनी, सुमित कथूरिया, हैरी हमराज, सुभाष मेहरा, अरविंद साहनी, सुरेश गुगलानी, विकास सेठी, अरुण भारद्वाज, अशोक शर्मा, विकास सुखीजा,रोहित मेहता, लवली बजाज, केवल सेठी, वीरेंदर वधवा, टिंकू सिंह नेगी, दीपक ऐलावादी, अंकुश मेहता, साहिल शर्मा, अजय डोडा, रिंकू शर्मा, रवि शर्मा, विकास ऐलावादी, धीरज ग्रोवर, पंकज ग्रोवर, रूपांश चावला, प्रिंस शर्मा, शंटी ग्रोवर, साकु, सुनील तनेजा,वंश, नरेंद्र चोपड़ा, अंकित शर्मा, लोकेश, जतिन नागपाल,राकेश ग्रोवर, अजय कैथ इत्यादि उपस्थित रहे।