महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए  सरकार प्रतिबद्ध :  मीना परमार

 
 महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए  सरकार प्रतिबद्ध :  मीना परमार

हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार और सदस्य भारती सैनी ने संस्कारम यूनिवर्सिटी और एक्सएलआरआई  संस्थान  का किया दौरा

छात्राओं से समाज में बदलाव की वाहक बनने का किया आह्वान

झज्जर, 09 अक्टूबर।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार और सदस्य भारती सैनी ने शुक्रवार को
संस्कारम यूनिवर्सिटी और एक्सएलआरआई संस्थान का दौरा किया। संस्कारम विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ महिपाल यादव ने उपाध्यक्ष मीना परमार का स्वागत करते हुए छात्राओं के विकास से जुड़ी  गतिविधियों से रूबरू कराया।
 इस अवसर पर आयोग की वाइस चैयरपर्सन मीना परमार ने छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं से संबंधित शोषण अथवा किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में उपलब्ध कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी भी दी।
संस्कारम  यूनिवर्सिटी में उपाध्यक्ष मीना परमार ने फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद करते हुए महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत में महिलाओं की भागीदारी अधिक से अधिक सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इंटरनल कंप्लेंट कमेटी एवं पॉश कमेटी के सदस्यों से बातचीत कर शिकायतों की गोपनीयता बनाए रखने तथा महिला संबंधी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने महिला प्रोफेसरों के साथ संवाद के दौरान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं के नेतृत्व और उनकी बढ़ती भागीदारी को लेकर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए आयोग प्रतिबद्ध है। विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की समान और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने संस्थानों में मौजूद खामियों को दूर करना सभी की जिम्मेदारी बताते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग न करने का किया आह्वान
वाइस चेयरपर्सन ने  छात्राओं से संवाद करते हुए मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग न करने के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र में मोबाइल थमा देने से उनके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए हम सभी को इस दिशा में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने घर, गांव और आसपास के परिवेश से सकारात्मक बदलाव की शुरुआत कर सकता है। उन्होंने सी इज ए चेंज मेकर कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए छात्राओं से समाज में बदलाव की वाहक बनने का आह्वान किया।
गांव और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता की मुहिम में भागीदार बनें विद्यार्थी
 उन्होंने छात्राओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवी वर्ग से अपने कॉलेज, गांव और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता की मुहिम चलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से हाथ उठाकर नशे के खिलाफ अभियान का हिस्सा बनने का संकल्प भी दिलाया।
उन्होंने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी में शिकायत की जा सकती है। उन्होंने पॉश एक्ट के तहत शिकायत निवारण की प्रक्रिया, जीरो एफआईआर, महिला थानों तथा वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी महिला के साथ शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में वह हरियाणा राज्य महिला आयोग से भी संपर्क कर सकती है।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सोमवती जाखड़, कमलेश अत्री, पूजा, अंकुर, पीपीओ करमिंदर कौर,डॉ संदीप वत्स,  एएसआई सुनील,सरिता, सविता  मौजूद रहे।