गांव छारा में ‘सेवा मेरा योगदान के तहत’ स्वास्थ्य जांच शिविर का भाजपा नेता संजय कबलाना ने किया शुभारंभ
सरकारी योजनाओं का लाभ घर-द्वार तक पहुंचाने का दिया संदेश
बहादुरगढ़, 06 अक्टूबर।
जिलाभर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न मॉड्यूल के अनुरूप जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को गांव छारा में ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर ‘’ स्वास्थ्य जांच कैंप का आयोजन किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता संजय कबलाना ने शिविर का शुभारंभ किया। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप और डॉ. राजेंद्र ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता संजय कबलाना ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान सरकार और आमजन के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी सुविधाओं को पात्र नागरिकों तक उनके गांव और घर-द्वार के नजदीक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं और आवश्यक सेवाओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और जागरूक नागरिक ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं।
कैंप के दौरान स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया।
कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत ग्रामीणों को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसरों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही अंगदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों को अंगदान की शपथ भी दिलाई गई।
यह गणमान्य व्यक्ति और स्वास्थ्य अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि दीपक, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदेव, डॉ. संदीप चौधरी, डॉ. रितेश, डॉ. ज्योति, डॉ. सुधीर (आयुष विभाग) तथा बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल के विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे।
