बिट्स लॉ कॉलेज में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन, विद्यार्थियों ने किए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत

 
बिट्स लॉ कॉलेज में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन, विद्यार्थियों ने किए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत

 
भिवानी, 18 सितंबर। स्थानीय दिल्ली-रोहतक रोड़ स्थित बिट्स लॉ कॉलेज के परिसर में आज फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।


इस दौरान मुख्य अतिथि बिट्स ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक शशि रंजन परमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।


कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्या डॉ. वंदना सरोहा, समस्त प्राध्यापकों, स्टाफ सदस्यों एवं नवप्रवेशी विद्यार्थियों द्वारा पूर्व विधायक शशि रंजन का स्वागत किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन शशि रंजन परमार ने नवप्रवेशी छात्रों को कानून के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, अनुशासन बनाए रखने और समाज में न्याय की स्थापना के लिए सदैव तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया।


उन्होंने कहा कि सफलता की सीढ़ी पर चढ़ने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास आवश्यक है। शिक्षा के क्षेत्र में मेहनत और विनम्रता से ही उज्जवल भविष्य का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के रंगारंग कार्यक्रम महाविद्यालय में समय- समय पर होते रहने चाहिए, ताकि विद्यार्थी अपने हुनर से वंचित न रह सके।


इस मौके पर प्राचार्या डॉ. वंदना सरोहा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और विनम्रता जीवन की असली पूंजी है। अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर अनुशासित रहें और मेहनत से सफलता प्राप्त करें।  


इस अवसर पर राजेश शर्मा, जितेंद्र परमार, डॉ. मीनू भारद्वाज, डॉ. मनीषा भारद्वाज, राजेश कुमार, मोनिका, छवि, डॉ. मनोज, अक्षय कुमार, गौरव, अंजू बाला व कॉलेज का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नए सत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।