अंतिम दिन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने बढ़ाया नन्हे कलाकारों का हौसला
झज्जर, 06 नवंबर।
स्थानीय बाल भवन में चार दिनों तक बच्चों की कल्पनाओं, कला और प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला। किसी ने रंगों से आकर्षक रंगोली सजाई तो किसी ने रागिनी, समूह नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मौका था डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2026 का, जिसका शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर बच्चों की हौसला अफजाई की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताएं जीतने से ज्यादा जरूरी है प्रतिभा को पहचानना और निखारना
जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा जरूर होती है। बाल महोत्सव जैसे आयोजन बच्चों को अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानने और उसे मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत हासिल करना निश्चित रूप से खुशी की बात है, लेकिन पूरे उत्साह, लगन और मेहनत के साथ भाग लेना भी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। बच्चों को हार-जीत की चिंता किए बिना हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। ऐसे मंच बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देते हैं।
14 नवंबर को बाल दिवस समारोह में सम्मानित होंगे प्रतिभाशाली विद्यार्थी
जिला बाल कल्याण अधिकारी ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 14 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
रंगोली, मेहंदी, रागिनी और नृत्य से सजा महोत्सव का अंतिम दिन
कार्यक्रम अधिकारी अक्षमा शर्मा ने बताया कि बाल महोत्सव में जिला के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शुक्रवार को समापन दिवस पर रंगोली, स्केचिंग ऑन स्पॉट, मेहंदी, रागिनी, वन एक्ट प्ले, ग्रुप डांस, फैंसी ड्रेस, क्ले मॉडलिंग, भाषण, कलश सजावट और फन गेम सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और मंचीय कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। निर्धारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मंच संचालन प्रवक्ता संजय शर्मा और प्रवक्ता कृष्ण वशिष्ठ संयुक्त रूप से किया। निर्णायक मंडल में शिक्षा विभाग की प्रवक्ता बबीता रानी, निशा रानी सहित बाल कल्याण परिषद के अधिकारी और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
