जिला जेल पहुंचे पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, बंदियों संग बैठकर छका लंगर; दिया सकारात्मक जीवन जीने का संदेश
जेल अधीक्षक जसवंत सिंह ने किया भव्य स्वागत, बंदियों के सुधार और कौशल विकास को लेकर साझा की आगामी योजनाएं
सिरसा।
भैयादूज के पावन पर्व, दीपावली महोत्सव तथा माता सुशीला देवी की पुण्यतिथि माह के अंतर्गत आयोजित विशेष श्रृंखला के सातवें कार्यक्रम के तहत ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल व हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला जिला जेल में पहुँचे। जेल परिसर पहुँचने पर जिला जेल अधीक्षक जसवंत सिंह व जेल प्रशासन की टीम ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने स्वयं बंदियों के साथ बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया, तो वहीं उनके पौत्र लक्ष्य सिंगला ने अपने हाथों से सभी बंदी भाई-बहनों को प्रेमपूर्वक भोजन परोसा। पूर्व राज्यपाल की इस सादगी, आत्मीयता और अपनत्व को देखकर जेल के सभी बंदियों में अभूतपूर्व उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। जिला जेल में वर्तमान में लगभग 1,300 बंदी हैं, जिनमें से कई बंदी एम.ए., बी.ए. और यहाँ तक कि पीएच.डी. जैसी उच्च शिक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। सिंगला परिवार ने महाप्रभु के श्री चरणों में उनके बेहतर और सुधरे हुए जीवन की प्रार्थना की। जेल अधीक्षक जसवंत सिंह ने अतिथियों को जेल की उन्नत व्यवस्थाओं, बंदियों के मानसिक सुधार और कौशल विकास के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने बंदियों को संबोधित करते हुए अपने जीवन के बहुमूल्य अनुभव साझा किए। उन्होंने बंदियों को आध्यात्मिक, स्वस्थ और संयमित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच, कठिन परिश्रम और माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने बंदियों से आह्वान किया कि वे अपनी पिछली भूलों से सीख लेकर रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और एक जिम्मेदार नागरिक बनें। इस गरिमामय आयोजन के सफल समापन पर वक्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों का विशेष आभार व्यक्त किया। जिला जेल अधीक्षक जसवंत सिंह और उनकी पूरी टीम को इस प्रेरणादायक कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने तथा बंदी भाई-बहनों से संवाद का अवसर प्रदान करने के लिए हृदय से धन्यवाद दिया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्वक, आध्यात्मिक और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मनीष जिंदल, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया, जेल स्टाफ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
