गांव पायल में वन महोत्सव में वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया पौधरोपण

 
 गांव पायल में वन महोत्सव में वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया पौधरोपण

हिसार, 03 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। विकसित राष्ट्र का मतलब केवल मजबूत अर्थव्यवस्था और उद्योग नहीं है, बल्कि वहां का पर्यावरण, जीवन स्तर और स्वास्थ्य भी बेहतर होना चाहिए। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़-पौधों का संरक्षण बेहद जरूरी है।
यह बात गांव पायल में वीरवार को आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने विकास कार्यों के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ बनी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा में वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन केवल वन विभाग के प्रयासों से यह लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। पंचायतों और आम लोगों को भी इसमें भागीदारी निभानी होगी। पंचायत की ऐसी भूमि, जहां पौधरोपण संभव है, वहां अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं और पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा छोड़ी जाने वाली कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने के लिए करीब 14 पेड़ों की आवश्यकता होती है। समय रहते पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाली पीढिय़ों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय ऑक्सीजन की जरूरत ने पूरी दुनिया को प्राकृतिक संसाधनों के महत्व का अहसास कराया। इसलिए पौधरोपण के साथ पेड़ों का संरक्षण करना भी जरूरी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से कम से कम दो पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना आसान है, लेकिन उसे पेड़ बनने तक बचाना बड़ी जिम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री ने राजस्थान के खेजड़ली बलिदान का उदाहरण देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की भावना हमारे समाज और संस्कृति में पुरानी है। हरियाणा के लोग भी प्रकृति, पशु-पक्षियों और पेड़-पौधों से विशेष लगाव रखते हैं। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन के इस्तेमाल को रोकने की अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक के खिलाफ सरकार के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। विशेष रूप से महिलाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि घरों में सिंगल यूज पॉलीथिन का इस्तेमाल बंद किया जाए। पॉलीथिन कूड़े के ढेर में जमा होकर जलती है तो इससे निकलने वाला धुआं वातावरण के लिए बेहद नुकसानदायक होता है। लोगों को कपड़े या पर्यावरण अनुकूल थैलों का इस्तेमाल करना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में प्रदेश में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना है। इससे नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी समेत पर्यावरण अनुकूल उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों की जमीन उद्योगों के लिए इस्तेमाल होने की स्थिति में उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ दिलाने की दिशा में भी सरकार नई नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी आगे ले जाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा।
नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। पेड़-पौधे केवल हमें ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी का आंदोलन बनाना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों के सहयोग से खाली एवं सार्वजनिक भूमि पर अधिक से अधिक पौधरोपण किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं और अपने आसपास लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण आने वाली पीढिय़ों के बेहतर भविष्य की नींव है। इससे पहले कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने पनिहार फार्म हाउस पहुंचकर पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर एचएयू के कुलपति प्रो. बलदेव राज कंबोज, लुवास के कुलपति विनोद कुमार वर्मा, महापौर प्रवीण पोपली, हिसार मार्केट कमेटी के चेयरमैन रविंद्र रोकी, वन विभाग से कंजर्वेटर आर आनंद, रोहताश बिरथल, चेयरमैन सुरेंद्र मंडा, चेयरमैन अजय गावड़, मंदीप मलिक, संजीव रेवड़ी, सरपंच रामफल नागर, सरपंच श्रीराम, सरपंच चरण सिंह नागर, रोहताश नागर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।