एसआईआर के तहत 30 नवंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन : एसडीएम राजेंद्र कुमार

 
 एसआईआर के तहत 30 नवंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन : एसडीएम राजेंद्र कुमार

ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम शामिल न होने वाले मतदाताओं को दिया जा रहा है एक और अवसर

सिरसा, 11 नवंबर।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर 45-सिरसा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) राजेंद्र कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थान बदलने वाले, मृत एवं दोहरे नाम वाले मतदाता) सूची से संबंधित प्रक्रिया और मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करवाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जुलाई को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाताओं के नाम हटाना नहीं, बल्कि मृत एवं दोहरे नामों को हटाकर सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशों के अनुसार जिन मतदाताओं के नाम किसी कारणवश ड्राफ्ट मतदाता सूची में प्रकाशित नहीं हो पाए हैं, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक दस्तावेज एवं निर्धारित प्रपत्र जमा करवाने होंगे। पात्र मतदाताओं को उनका पुराना मतदाता पहचान पत्र भी जारी किया जाएगा। बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एनेक्सचर-ए, बी और सी के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

एसडीएम ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत एक जुलाई को अहर्ता तिथि निर्धारित की गई है। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई को किया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 31 जुलाई से 30 सितंबर तक निर्धारित की गई थी। वहीं, नोटिस चरण तथा दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 20 नवंबर तक चलेगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा।

उन्होंने बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सहयोग करें और आमजन को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी से तरुण गुलाटी, आम आदमी पार्टी से डॉ. सुकेश अरोड़ा, विजय कुमार एवं हंसराज, बहुजन समाज पार्टी से प्रेम राठी, जननायक जनता पार्टी से कुलदीप , सीपीआई से बलवीर कौर सहित चुनाव कार्यालय से लवनिश कुमार, संजीव कुमार एवं रीना कानूनगो मौजूद रहे।