फसल अवशेष जलाने से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर पड़ता है प्रतिकूल प्रभाव : एसडीएम अंकिता पुवार
छात्राओं ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर दिया पराली न जलाने का संदेश
रोहतक,
कृषि विभाग की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत सांपला खंड के गांव इस्माइला 11बी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने की।
उपमंडलाशीष अंकिता पुवार ने विद्यार्थियों को फसल अवशेषों को जलाने के बजाय जमीन में मिलाने के फायदे बताते हुए कहा कि इससे मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ती है तथा मिट्टी के भौतिक एवं रासायनिक गुणों में सुधार होता है। फसल अवशेष जमीन में नमी बनाए रखने में भी सहायक होते हैं। इसके साथ ही, फसल अवशेषों से पशुओं के चारे की उपलब्धता बढ़ाई जा सकती है। कृषि विभाग द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन के लिए उपयोग की जाने वाली आधुनिक मशीनों, जैसे सुपर सीडर, मल्चर और स्ट्रॉ बेलर आदि पर किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है।
एसडीएम अंकिता पुवार ने कहा कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने वाले किसानों को 1,200 रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली जलाने के बजाय आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर खंड कृषि अधिकारी डॉ. नरेंद्र दहिया ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान तथा फसल अवशेष प्रबंधन के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. नरेंद्र दहिया ने कहा कि खेतों में फसल अवशेष जलाने से कार्बन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड तथा अन्य जहरीली गैसें वातावरण में फैलती हैं, जिससे वायु प्रदूषण में वृद्धि होती है। इससे ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। फसल अवशेष जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभदायक जीवाणु एवं पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर पड़ता है। इसके अलावा, धुएं से मनुष्यों और पशुओं के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है।
शिविर के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने पराली न जलाने के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से गांव में प्रभात फेरी निकाली। छात्राओं ने नारों के माध्यम से किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्राओं से प्रश्नोत्तरी भी करवाई गई तथा सही उत्तर देने वाली छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत इस्माइला-11बी के सरपंच मुकेश खत्री, अन्य पंचायत सदस्य, विद्यालय की 165 छात्राएं एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा। कृषि विभाग की ओर से तकनीकी सहायक श्री सचिन कुमार और परवीन कुमार भी मौजूद रहे।
