सोहना मंडी में किसान जागरूकता कार्यक्रम, विधायक तेजपाल तंवर ने किसानों को योजनाओं की दी जानकारी

 
सोहना मंडी में किसान जागरूकता कार्यक्रम, विधायक तेजपाल तंवर ने किसानों को योजनाओं की दी जानकारी

गुरुग्राम । सोहना मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोहना-तावडू के विधायक तेजपाल तंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता मार्केट कमेटी सोहना के चेयरमैन दयाराम लोहिया ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेजपाल तंवर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार अन्नदाता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की जा रही है तथा भावांतर भरपाई योजना के माध्यम से पात्र किसानों को डिजिटल माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में मुआवजा राशि पहुंचाई जा रही है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी, गुरुग्राम विनय यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के “जय जवान, जय किसान” के संदेश का उल्लेख करते हुए किसानों की देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने आगामी खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के मद्देनजर किसानों को मंडियों में सुचारु खरीद व्यवस्था, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल और समय पर डिजिटल भुगतान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फसल की खरीद के बाद एमएसपी का भुगतान 48 से 72 घंटे के भीतर सीधे किसानों के बैंक खातों में करने की व्यवस्था है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना की जानकारी देते हुए ग्राम सभाओं से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पंचायत घरों और सार्वजनिक स्थानों पर योजना की पात्रता व लाभ संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि कृषि कार्य के दौरान दुर्घटना अथवा मृत्यु होने पर योजना के तहत पीड़ित परिवार को ₹5 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाती है, जबकि आंशिक या पूर्ण अपंगता की स्थिति में ₹37,500 से ₹2.5 लाख तक की सहायता का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए जागरूकता जरूरी है।

कार्यक्रम में अटल किसान कैंटीन की सुविधा पर भी जानकारी दी गई। बताया गया कि हरचंदपुर गांव के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित कैंटीन में किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक एवं भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जनवरी से 10 सितंबर तक 20,596 लोग इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।

इस अवसर पर हरियाणा स्टेट कोआपरेटिव हाउसिंग फेडरेशन लिमिटेड के चेयरमैन सुभाष बंसल, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन अशोक बंसल, मार्केट कमेटी के सदस्य तथा क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।