फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 की तारीख तय, 27 सितंबर को सीएम सैनी करेंगे शुभारंभ

 
फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 की तारीख तय, 27 सितंबर को सीएम सैनी करेंगे शुभारंभ

 

फरीदाबाद, 14 सितंबर।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आगामी 27 सितंबर 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस आयोजन में युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) एवं सोसायटियों से बड़ी संख्या में युवा इस आयोजन में शामिल होकर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के साक्षी बनेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। हरियाणा सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘हरियाणा उदय’ के अंतर्गत आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘नशामुक्त हरियाणा’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की बड़ी भागीदारी इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

उन्होंने जिले के निजी एवं सरकारी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने संस्थानों के विद्यार्थियों को मैराथन में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को आयोजन के उद्देश्य की जानकारी देकर उन्हें सकारात्मक रूप से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे स्वयं फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश अपनाने के साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित कर सकें।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन का फ्लैग ऑफ हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। आयोजन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथॉन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और 5 किलोमीटर फन रन की श्रेणियां रखी गई हैं। 21.1 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मापे गए कोर्स पर आयोजित होगी तथा प्रतिभागियों के समय का निर्धारण RFID चिप के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैराथॉन में कुल 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है तथा विभिन्न आयु वर्गों एवं विशेष श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट तथा प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने शिक्षण संस्थानों एवं सोसायटियों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे इन सुविधाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाएं और उन्हें बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि मैराथन का आयोजन प्रातः 6:00 बजे से होगा और सभी संस्थान अपने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को निर्धारित समय से पहले आयोजन स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन जिले के युवाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करेगी, जहां वे फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के साथ नशे के विरुद्ध सामूहिक संकल्प का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने जिले के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, आरडब्ल्यूए, सोसायटियों, विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वे 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर ‘नशामुक्त हरियाणा’ के संदेश को मजबूत करने में अपना योगदान दें।

समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एमसीएफ जॉइंट कमिश्नर अमित मान, आरटीए सचिव मुनीश सहगल, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।