फरीदाबाद | उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि आगामी 27 सितंबर 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड, फरीदाबाद में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में प्रतिभागियों के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन तथा 5 किलोमीटर फन रन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन प्रमुख प्रतिस्पर्धी दौड़ होगी, जो फरीदाबाद से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के AIMS-सर्टिफाइड कोर्स पर आयोजित की जाएगी। यह दौड़ RFID चिप टाइम्ड होगी, जिसमें अनुभवी लॉन्ग-डिस्टेंस धावकों सहित प्रतिस्पर्धी प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। हाफ मैराथन का फ्लैग-ऑफ प्रातः 6 बजे होगा तथा इसका कट-ऑफ समय आधिकारिक फ्लैग-ऑफ से 3 घंटे निर्धारित किया गया है।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 10 किलोमीटर टाइम्ड रन भी RFID चिप टाइम्ड प्रतिस्पर्धा होगी। सर्टिफाइड कोर्स पर आयोजित होने वाली 10 किलोमीटर दौड़ का फ्लैग-ऑफ प्रातः 7 बजे किया जाएगा तथा इसका कट-ऑफ समय आधिकारिक फ्लैग-ऑफ से 1 घंटा 30 मिनट निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर फन रन को परिवारों, छात्रों, कॉर्पोरेट्स और नए धावकों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है। यह नॉन-टाइम्ड फन रन होगी, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त हरियाणा के संदेश से जोड़ना है। 5 किलोमीटर फन रन का फ्लैग-ऑफ प्रातः 7:15 बजे होगा तथा इसमें प्रतिभागियों के लिए कट-ऑफ समय निर्धारित नहीं किया गया है। प्रतिभागी अपनी सुविधानुसार गति से दौड़ पूरी कर सकेंगे।
डीसी आयुष सिन्हा ने जिलेवासियों, युवाओं, खेल प्रेमियों, परिवारों तथा विभिन्न संस्थानों से आह्वान किया कि वे फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर फिटनेस और नशामुक्त हरियाणा के संदेश को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जिले में खेल भावना, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
