एसआईआर के सभी लंबित नोटिसों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित करें:- मंडल आयुक्त मोनिका मलिक
- मंडल आयुक्त ने एसआईआर को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- महम व गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भी किया निरीक्षण
रोहतक, 7 अक्टूबर। मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) से संबंधित सभी लंबित नोटिसों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत प्राप्त मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
मंडल आयुक्त मोनिका मलिक आज सायं लघु सचिवालय स्थित सभागार में एसआईआर को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से एसआईआर की प्रगति एवं लंबित नोटिसों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर से संबंधित कार्य की नियमित रूप से समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने मंडल आयुक्त मोनिका मलिक का स्वागत किया तथा जिला में एसआईआर को लेकर अब तक की गई कार्रवाई एवं प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने मंडल आयुक्त को लंबित नोटिसों तथा उनके निपटारे के लिए की जा रही कार्रवाई के बारे में भी अवगत करवाया।
इससे पहले मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने महम तथा गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से एसआईआर नोटिसों के संबंध में जानकारी एवं रिपोर्ट प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर से संबंधित कार्य को गंभीरता एवं निर्धारित मानदंडों के अनुसार पूरा किया जाए और पात्र मतदाताओं से संबंधित मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
मंडल आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया में सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा एसआईआर से जुड़े प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एसडीएम सांपला अंकिता पुवार, एसडीएम रोहतक आशीष कुमार, एसडीएम महम विपिन कुमार शर्मा, निर्वाचन तहसीलदार सरला कौशिक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
