*स्पेशल आफिसर (शिकायत एवं निवारण) ने महिला एवं विकास विभाग तथा खेल विभाग की सीएम विंडो, जनसंवाद में आई समस्याओं को लेकर नोडल अधिकारियों की ली बैठक।*
*संबंधित अधिकारियों एवं शिकायतकर्ताओं से सीधे दूरभाष पर बात कर विस्तार से ली जानकारी।*
चण्डीगढ, 7 अक्तूबर - हरियाणा के मुख्यमंत्री के स्पेशल आफिसर (शिकायत एवं निवारण) श्री भोपाल सिंह खदरी ने महिला एवं विकास विभाग तथा खेल विभाग की सीएम विंडो, जनसंवाद में आई समस्याओं को लेकर नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि इन समस्याओं के निवारण के लिए अधिकारी तत्परता से कार्य करें ताकि लोगों को उनका जल्द लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि सीएम विंडो एवं जनसंवाद में आने वाली समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वंय मोनिटरिंग एवं निगरानी कर रहे हैं। इसलिए अधिकारी ऐसी समस्याओं के प्रति गम्भीरता से कार्य करें और उनकी एटीआर भी निश्चित समय पर फाईल करना सुनिश्चित करें ताकि पोर्टल पर समस्या का निपटारन पेंडिग न रहे।
खेल विभाग की समस्याओं बारे समीक्षा करते हुए श्री भोपाल सिंह खदरी ने समस्याओं बारे संबंधित अधिकारियों एवं शिकायतकर्ता से सीधे दूरभाष पर बात कर विस्तार से जानकारी ली। अम्बाला के शमशेर सिंह द्वारा ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी करवाने का अनुरोध किया गया था। जबकि विभाग द्वारा उसी समय 5 अन्य खिलाड़ियों को जारी कर दिए गए लेकिन शमशेर सिंह को ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। दूरभाष पर जानकारी लेने के दौरान स्पेशल आफिसर को अवगत करवाया गया कि उनके मामले में संबंधित अधिकारियों द्वारा लापरवाई बरती गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही हरिहर योजना बारे भी आगामी कार्यवाई अमल में लाई जाए।
हरिहर योजना हरियाणा सरकार की एक अनूठी और संवेदनशील पहल है, जिसे बेसहारा, अनाथ, परित्यक्त (छोड़े गए) और आत्मसमर्पण किए गए बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा और रोजगार के लिए शुरू किया गया है। इस योजना के तहत 18 साल से अधिक आयु के बच्चों को सहायता के अलावा ग्रुप सी व ग्रुप डी में नौकरी में प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है। पात्र युवा को इस योजना का लाभ देना सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि कोई भी युवा इस योजना का लाभ लेने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में खेल विभाग एवं अन्य विभागों में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसलिए बेहतर कार्य करने वाले नोडल अधिकारियों को मुख्यमंत्री से प्रशंसा पत्र दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के छात्रवृति के मामलों को लेकर भी अधिकारी कार्य करें ताकि किसी भी खिलाड़ी की छात्रवृति लम्बित न रह सके। उन्होंने मोतीलाल राई स्कूल के संबंध में आई सीएम विंडो शिकायत का भी जल्द निवारण करने के निर्देश दिए।
श्री खदरी ने कॉमनवेल्थ 2022 खेलों में गोल्ड मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को कैश अवार्ड अन्य सहायता पर संज्ञान लेते हुए कहा कि जल्द ही इस बारे मुख्यमंत्री से बातचीत कर निवारण करवाया जाएगा।इसके अलावा पैराएथलेटिक खिलाड़ी को ओएसपी कोटे से लाभ देने के लिए भी प्रयास जारी है।
उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निपटारा इस बैठक में आने से पहले तक नहीं हुआ है उन शिकायतों का निपटारा आगामी बैठक से पूर्व करना सुनिश्चित करें और आगामी बैठक दो सप्ताह में आयोजित की जाएगी।
