प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार दें: एसडीएम

 
 प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार दें: एसडीएम


- एसडीएम महेश कुमार ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर की समीक्षा बैठक
भिवानी, 09 सितम्बर। एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजना के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को विभिन्न व्यवसायों में रोजगार के अवसर प्रदान करें।  
एसडीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य देश के युवाओं को शीर्ष कंपनियों में संरचित एवं गुणवत्तापूर्ण इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध करवाना है। योजना के माध्यम से युवाओं को विभिन्न व्यवसायों एवं रोजगार क्षेत्रों में वास्तविक कार्यस्थल के वातावरण का अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उनके व्यावसायिक कौशल एवं रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि वे योजना के तहत पात्र युवाओं को अधिक से अधिक जागरूक करें ताकि इच्छुक युवा इंटर्नशिप के लिए पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया में भाग ले। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र युवा योजना का लाभ उठाकर अपने कौशल में वृद्धि कर सकें और भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रधानाचार्य इंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला इंटर्नशिप निगरानी कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।