एसआईआर में छूटे पात्र मतदाताओं को मिलेगा दोबारा नाम शामिल कराने का अवसर : जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा
एसआईआर के तहत एएसडीडी मतदाताओं को पुनः लोकेट करने का अभियान शुरू, पात्र मतदाता नहीं रहेगा वंचित
दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 20 नवंबर, अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को होगी प्रकाशित
फरीदाबाद,
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की समय-सीमा बढ़ाकर अब 20 नवंबर 2026 कर दी गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने आज सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR 2026 के संबंध में समीक्षा बैठक की।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि आयोग का स्पष्ट उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आयोग के निर्देशानुसार एएसडीडी (Absent, Shifted, Dead/Duplicate) श्रेणी में शामिल उन मतदाताओं को पुनः लोकेट करने की विशेष कवायद शुरू की जा रही है, जिनका नाम ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करवाने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित मतदाताओं से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर आवश्यक फॉर्म एवं दस्तावेज जमा करवाएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं को एक बार फिर बीएलओ के माध्यम से लोकेट किया जाएगा। इस कार्य में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अन्य सहयोग का भी उपयोग किया जाएगा। यदि कोई मतदाता पुनः लोकेट हो जाता है और वह पात्र है, तो उससे संबंधित निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक फॉर्म एवं दस्तावेज प्राप्त कर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी। यदि मतदाता किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित हो चुका है, तो संबंधित प्रक्रिया के तहत एनेक्सचर-बी एवं एनेक्सचर-सी आदि के माध्यम से आवश्यक जानकारी संबंधित ईआरओ को उपलब्ध कराई जा सकती है, ताकि उसका नाम सही विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किया जा सके और पात्र होने की स्थिति में उसका EPIC नंबर भी यथावत रखा जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया कि यदि एएसडीडी सूची में शामिल किसी पात्र व्यक्ति ने पहले ही फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन कर दिया है, तो उसे दोबारा उसी उद्देश्य से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मामलों को उपलब्ध आवेदन के आधार पर प्रक्रिया में लिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं को पुनः लोकेट करने में बीएलओ की सहायता करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एवं बीएलए स्थानीय मतदाताओं से अधिक परिचित होते हैं और उनके सहयोग से ऐसे मतदाताओं तक पहुंचना आसान हो सकता है। यदि कोई व्यक्ति मकान बदलकर किसी अन्य स्थान पर चला गया है, तो उसके पुराने मकान मालिक, किरायेदार, पड़ोसियों अथवा स्थानीय संपर्कों से जानकारी लेकर उसका मोबाइल नंबर या वर्तमान पता प्राप्त करने का प्रयास किया जा सकता है। यदि मतदाता हरियाणा के किसी अन्य जिले अथवा विधानसभा क्षेत्र में रह रहा है, तो संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाकर उसे सही विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि बीएलओ रजिस्टर में मतदाताओं से संपर्क न हो पाने का विवरण दर्ज है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बीएलओ के साथ बूथ पर जाकर रिकॉर्ड की जांच कर मतदाताओं को लोकेट करने में सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है और प्रत्येक चरण में राजनीतिक दलों को आवश्यक जानकारी एवं निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की कार्रवाई निर्वाचन प्रक्रिया एवं Representation of the People Act के प्रावधानों के तहत ईआरओ स्तर पर की जाती है। फॉर्म-6 से नाम शामिल, फॉर्म-7 से नाम हटाने तथा फॉर्म-8 से मतदाता विवरण में संशोधन किया जाता है। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी शंका पर संबंधित ईआरओ या निर्वाचन कार्यालय से तथ्यात्मक जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में संशोधन या नाम हटाने की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होती है। फॉर्म-6 के आवेदनों का सत्यापन निर्धारित दस्तावेजों से किया जाता है तथा केवल आधार कार्ड या परिवार पहचान पत्र हर मामले में अकेले पर्याप्त नहीं है।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने ने सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, बीएलए एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से समन्वय के साथ अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो पात्र मतदाता पिछले चरण में एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कर पाए, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर है। कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए सभी मिलकर कार्य करें।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एच.एस.वी.पी. संपदा अधिकारी नवीन कुमार, सीईओ जिला परिषद शिखा अंतिल, नगराधीश अंकित कुमार, भाजपा पार्टी से अश्विनी गुलाटी, आईएनएलडी पार्टी से जीत सिंह डागर, कांग्रेस पार्टी से राहुल नागर, जेजेपी पार्टी से प्रेम सिंह धनकड़, आप पार्टी से रविंदर फौजदार मौजूद रहे।
