पात्र मतदाता अपना भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में जमा करवा सकते हैं
एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए थे, उन्हें मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का एक और अवसर
अलग-अलग परिस्थितियों के अनुसार Annexure-B एवं Annexure-C के साथ जमा करवाना होगा आवेदन
फरीदाबाद
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जिन मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) जारी किए गए थे, लेकिन उनके फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हो पाए थे, जिसके चलते उन्हें प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा सका था तथा अनुपस्थित/स्थानांतरित/मृत/डुप्लीकेट (Absent/Shifted/Dead/Duplicate- ASDD) श्रेणी में चिह्नित किया गया था, ऐसे मतदाताओं को अब अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए एक और अवसर प्रदान किया गया है।
इस संबंध में एसडीएम फरीदाबाद एवं 89-फरीदाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ERO) डॉ. हनी बंसल ने बताया कि ऐसे सभी पात्र मतदाता अपना विधिवत भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग परिस्थितियों में आवेदन जमा करवाने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता अपने पुराने पते पर ही निवास कर रहा है, तो उसे अपना विधिवत भरा एवं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म Annexure-B के साथ निर्धारित स्टेटमेंट संलग्न करके जमा करवाना होगा।
इसी प्रकार, यदि किसी मतदाता ने हरियाणा राज्य के भीतर अपना निवास स्थान बदल लिया है, तो ऐसे मतदाताओं को अपना एन्यूमरेशन फॉर्म Annexure-C एवं निर्धारित स्टेटमेंट के साथ जमा करवाना होगा।
डॉ. हनी बंसल ने बताया कि यदि किसी मतदाता ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नया नाम दर्ज करवाने के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, तो ऐसे मतदाताओं को दोबारा एन्यूमरेशन फॉर्म एवं स्टेटमेंट जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे आवेदनों पर भारत निर्वाचन आयोग के दिनांक 03 नवंबर 2026 के निर्देशों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि मतदाता अपना एन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित ईआरओ/एईआरओ/बीएलओ को स्वयं अथवा परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी जमा करवा सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म ECINET पोर्टल पर दोबारा उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मतदाता अपने पूर्व में जारी ईपीआईसी (EPIC) नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं तथा उसे भरकर जमा करवा सकते हैं।
एसडीएम एवं ईआरओ डॉ. हनी बंसल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म किसी कारणवश वापस जमा नहीं हो पाए थे, वे इस अतिरिक्त अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने दस्तावेज जमा करवाएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
