एसआईआर प्रक्रिया में पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में करवाएं दर्ज : एसडीएम अश्वीर नैन

 
एसआईआर प्रक्रिया में पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में करवाएं दर्ज : एसडीएम अश्वीर नैन

हिसार/उकलाना, 03 सितंबर।
बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन ने वीरवार को ग्राम पंचायत सरसाना के राजकीय मिडिल स्कूल में ग्रामीणों से संवाद कर विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिक 30 सितंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाएं और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भागीदारी सुनिश्चित करें।
एसडीएम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुनिश्चित होना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम दर्ज करवाएं। इसी प्रकार मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर दावे एवं आपत्तियां भी निर्धारित अवधि में प्रस्तुत की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद दावों एवं आपत्तियों के नोटिस तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया 28 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
एसडीएम अश्वीर नैन ने ग्रामीणों से कहा कि वे निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए मतदाता सूची में पात्र व्यक्तियों के नाम शामिल करवाने के साथ-साथ आवश्यक सुधार के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि सही एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में आमजन की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन और निर्वाचन विभाग का सहयोग करने तथा अपने आसपास के पात्र नागरिकों को भी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।