सेवा संकल्प अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मिल रहा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ

 

- लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव, अन्य पात्र नागरिकों को भी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किया प्रेरित

फरीदाबाद, 6 अक्टूबर।
प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के कल्याण तथा पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत लाभान्वित नागरिक अपने अनुभव साझा कर रहे हैं, जिससे अन्य पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिल रही है।

इसी कड़ी में गांव मच्छगर निवासी ललिता शर्मा ने बताया कि पहली बार गर्भवती होने पर उनकी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रामेश्वरी ने उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में जानकारी दी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें दो किस्तों में कुल 5,000 रुपये की राशि प्राप्त हुई। ललिता शर्मा ने योजना की जानकारी एवं प्रक्रिया में सहयोग के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रामेश्वरी का आभार व्यक्त करते हुए योजना के माध्यम से मिली सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।

इसी प्रकार गांव मच्छगर निवासी मुस्कान ने बताया कि उनकी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुबलेश ने उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) और मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना (MMSY) के बारे में जानकारी दी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से उन्होंने योजनाओं की प्रक्रिया को समझा और उनका लाभ प्राप्त किया। मुस्कान ने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर मिलने से उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने में सुविधा हुई। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुबलेश तथा योजना से जुड़ी सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा ऐसे लाभार्थियों की ‘सेवा की कहानी’ को सामने लाया जा रहा है, ताकि योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के अनुभव अन्य पात्र लोगों तक पहुंच सकें और अधिक से अधिक नागरिक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।