उर्दू कॉपीस्ट के दो पदों पर होगी भर्ती, पात्र अभ्यर्थी 14 सितंबर शाम 4 बजे तक करें आवेदन
रोहतक, 10 सितंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय में उर्दू भाषा में उपलब्ध पुराने रिकॉर्ड की नकल तैयार करने के लिए दो उर्दू कॉपीस्ट की आवश्यकता है। निर्धारित योग्यता एवं शर्तें पूरी करने वाले इच्छुक और पात्र व्यक्ति 14 सितंबर 2026 को सायं 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
सतबीर सिंह ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय में उर्दू भाषा में काफी पुराना रिकॉर्ड उपलब्ध है। इस रिकॉर्ड की सही एवं स्पष्ट नकल तैयार करने के लिए उर्दू भाषा को अच्छी तरह पढ़ने-लिखने में सक्षम व्यक्तियों की आवश्यकता है। उर्दू रिकॉर्ड की नकल तैयार करने के लिए निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। प्रति नकल 50 रुपये मानदेय के रूप में डीआईटीएस के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, निजी व्यक्तियों द्वारा उर्दू दस्तावेजों का हिंदी में अनुवाद करवाने की स्थिति में उर्दू कॉपीस्ट द्वारा निजी व्यक्ति से 100 रुपये प्रति पृष्ठ की दर से राशि प्राप्त की जा सकती है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा उर्दू कॉपीस्ट के लिए निर्धारित योग्यताओं के अनुसार आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए तथा उसकी आयु 18 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। आवेदक ने मान्यता प्राप्त बोर्ड से उर्दू विषय सहित मैट्रिक उत्तीर्ण की हो अथवा किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था से उर्दू विषय में डिप्लोमा या इसके समकक्ष योग्यता प्राप्त की हो।
सतबीर सिंह ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति अपना आवेदन निर्धारित अवधि 14 सितंबर सायं 5 बजे तक आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, शैक्षणिक योग्यता तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित स्थानीय लघु सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 101 में जमा करवा सकते हैं। पात्र व्यक्ति निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय से पहले अपना आवेदन प्रस्तुत करें।
