पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अधिनियम के प्रति 10 अगस्त को किया जाएगा जागरूक
भिवानी, 9 अगस्त। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा एवं डीआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के तीनों स्तरों के निर्वाचित प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को संबंधित अधिनियम के प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला स्तर पर एक दिवसीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन 10 अगस्त को प्रातः 9:30 बजे क्षेत्रीय प्रशिक्षण पंचायती राज संस्थान, भिवानी में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पंचायती राज संस्थाओं के तीनों स्तरों ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद के निर्वाचित प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें सभी सरपंच, पंच, जिला परिषद सदस्य तथा पंचायत समिति सदस्य भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान संबंधित अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रभावी संचालन से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
एडीसी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों की सम्मेलन में निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि एक दिवसीय पंच सम्मेलन के आयोजन के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, भिवानी नवीन कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित अधिकारियों को सम्मेलन की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
