मतदाता दावा एवं आपत्ति दर्ज करवाने के लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें : जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा
फरीदाबाद, 03 सितंबर।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला फरीदाबाद में एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य मिशन मोड में जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने साथ-साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की कमी या त्रुटि दिखाई देती है, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से जल्द से जल्द दावा एवं आपत्ति दर्ज कराएं, इसके लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें। उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके बाद प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा किया जाएगा तथा 28 अक्टूबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों के निपटान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके उपरांत 6 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न प्रकार के दावों एवं आपत्तियों के लिए निर्धारित प्रपत्रों की जानकारी देते हुए बताया कि दी है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। किसी मृत, अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो उसके संबंध में फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने आमजन से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण ध्यानपूर्वक जांचें। विशेष रूप से 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के पात्र नागरिक यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। साथ ही परिवार में यदि कोई पात्र सदस्य पहली बार मतदाता बनने योग्य हुआ है, तो उसका नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
उपायुक्त ने बताया कि नागरिक अपने क्षेत्र के बीएलओ, ईआरओ अथवा एईआरओ से संपर्क कर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार के प्रति जागरूक बने और 30 सितंबर 2026 से पहले मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांच लें।
