मंडलायुक्त गीता भारती ने गांव कैमरी में मां के नाम पेड़ लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 
मंडलायुक्त गीता भारती ने गांव कैमरी में मां के नाम पेड़ लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

हिसार, 06 सितंबर। 

ग्राम पंचायत कैमरी में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। मंडल आयुक्त गीता भारती ने गांव के शिवधाम, पंचपीर जोहड़ सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।

मंडल आयुक्त ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भावनात्मक रूप से लोगों को प्रकृति से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर मंडल आयुक्त ने गांव की जिंदल धर्मशाला में डॉ. भारत भूषण की टीम द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का भी शुभारंभ किया। उन्होंने शिविर में पहुंचने वाले ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा आयोजकों के इस सामाजिक सरोकार की सराहना की। पौधारोपण अभियान में ‘हरी-भरी वसुंधरा’ से सुनीता रहेजा सहित अन्य सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। ग्रामीणों एवं पंचायत सदस्यों ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर सरपंच दयावंती, पटवारी ओमप्रकाश, पूर्व सीएमओ रत्ना भारती, प्रो. गूगन राम गोदारा, पूर्व सरपंच छोटूराम, गोपी राम, बबलू, राधेश्याम, सुनीता, रायसिंह, हिम्मत सहित पंचायत सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे।