बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश
हिसार,
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कृमि मुक्ति अभियान के सफल क्रियान्वयन, बच्चों तक दवा की पहुंच सुनिश्चित करने तथा अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उन्हें कृमि संक्रमण से बचाना बेहद जरूरी है। पेट में कीड़े होने के कारण बच्चों में खून की कमी, कुपोषण, कमजोरी और शारीरिक विकास में बाधा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत चलाए जाने वाले अभियान को गंभीरता से लिया जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा दवा लेने से वंचित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाया जाए। बच्चों और अभिभावकों को कृमि संक्रमण के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान दवा वितरण और सेवन की व्यवस्था निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित की जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें। अभियान की नियमित निगरानी की जाए और दवा सेवन से छूटे बच्चों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, ताकि जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान को सफल बनाया जा सके।
