जिला समाज कल्याण अधिकारी होंगे नोडल अधिकारी

 

 

- नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 14 दिवसीय निःशुल्क ऑनलाइन योग अभियान में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें : साहिल गुप्ता

- 18 अक्टूबर तक चलेगा योग एवं नशा मुक्त भारत प्रतिज्ञा अभियान

भिवानी, 10 अक्टूबर। डीसी साहिल गुप्ता ने जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 14 दिवसीय निःशुल्क ऑनलाइन योग एवं नशा मुक्त भारत प्रतिज्ञा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान 5 अक्टूबर से शुरू हो चुका है, जो कि18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। डीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की जानकारी कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों तक पहुंचाकर अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

डीसी ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग द्वारा जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशे से दूर रहने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि नशामुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।

डीसी साहिल गुप्ता ने भिवानी के जिला समाज कल्याण अधिकारी को अभियान का जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नोडल अधिकारी स्कूल ऑफ योगा एवं आर्ट ऑफ लिविंग के स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इसके साथ ही अभियान के सुचारू संचालन, समूहों की भागीदारी तथा प्रतिदिन की गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करेंगे।

डीसी ने जिले के सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के बीच अभियान की जानकारी, पंजीकरण संबंधी विवरण तथा ऑनलाइन योग कार्यक्रम से जुड़ने के लिए निर्धारित लिंक का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

डीसी ने स्पष्ट किया कि नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों को साकार करने में इस कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को योग अपनाने, नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिए। निर्देशों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।