सिरसा में जिला विज्ञान विशेषज्ञ सम्मानित:डॉ. मुकेश कुमार बोले- स्टूडेंट सपना देखें, पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करें

 
सिरसा में जिला विज्ञान विशेषज्ञ सम्मानित:डॉ. मुकेश कुमार बोले- स्टूडेंट सपना देखें, पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करें

 

सिरसा जिले के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, खारियां में डीसीबी बैंक के सहयोग से शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय प्रभारी भाल सिंह के नेतृत्व और उनकी अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। ग्रामीणों और सरपंच द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने हरियाणा सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा चलाई जा रही विज्ञान और शिक्षा संबंधी कई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मिशन बुनियाद, सुपर-100 और इंस्पायर अवार्ड मानक जैसे अलग-अलग कार्यक्रमों के बारे में विद्यार्थियों को बताया।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सपना देखना आसान है, लेकिन उस सपने पर विश्वास करना उससे मुश्किल है। उसे हासिल करने के लिए दिन-रात मेहनत करना उससे भी ज्यादा मुश्किल है।

उन्होंने बताया कि गांव के विद्यार्थी आदित्य कासनिया, जो कुलदीप कासनिया के बेटे हैं, ने सुपर-100 कार्यक्रम से पढ़ाई कर आईआईटी बीएचयू में कंप्यूटर साइंस में दाखिला लिया है। उन्होंने कहा कि सुपर-100 एक ऐसा मंच है, जहां एक सामान्य विद्यार्थी भी बड़ी सफलता पा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि घर जाकर एक कागज पर अपना सपना लिखें। फिर लिखें कि वे उस सपने को क्यों पाना चाहते हैं और उसे पाने के लिए उन्हें क्या-क्या करना होगा। उन्होंने जोर दिया कि यही सोच बदलाव की शुरुआत बनेगी।

यह लोग रहे मौजूद

आखिर में गांव की सरपंच श्रीमती माया देवी, विद्यालय प्रभारी भाल सिंह, मौजूद खास लोगों और गांव वालों ने डॉ. मुकेश कुमार को खास तौर पर सम्मानित किया।

जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण लाल, उप जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार सचदेवा मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इस मौके पर गांव की सरपंच श्रीमती माया देवी, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य सदीव सिंह, पंच, एसएमसी प्रधान और सदस्य, गांव के लोग, विद्यालय स्टाफ के सदस्य भी मौजूद थे। डीसीबी बैंक के राजस्थान स्टेट हेड ऋतिश चावला और सिरसा ब्रांच हेड वीरेंद्र शेखावत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।