जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने प्रशिक्षणार्थियों को नशा मुक्ति के प्रति किया जागरूक
सिरसा,
जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को जिला स्तरीय नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रेडक्रॉस भवन, रानियां बाजार सिरसा में विभिन्न गांवों से प्रोफेशनल फस्र्ट एड ट्रेनिंग ले रहे प्रशिक्षणार्थियों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहायक सचिव गुरमीत सिंह सैनी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिला सिरसा को नशामुक्त बनाना और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि नशे से पीड़ित व्यक्ति से दूरी बनाने के बजाय उसे परिवार और समाज में अपनाकर सही राह दिखाएं तथा उसका नशा छुड़वाने में पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि इससे परिवार, समाज और राष्ट्र भी प्रभावित होते हैं। इसलिए सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को शपथ दिलवाई कि वे न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही दूसरों को नशा करने देंगे। इसके साथ ही, पहले से नशे की गिरफ्त में आए लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। इस अवसर पर रेडक्रॉस के प्राथमिक सहायता प्रवक्ता रजत बंसल, पवन राणा, अजीत सिंह तथा टीआई प्रोजेक्ट से ममता और रिम्पी रानी भी उपस्थित रहे।
