खेल महाकुंभ 2026-27 के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 12 से 15 अक्टूबर तक होगा आयोजित:- उपायुक्त सतबीर सिंह
- पुरुष एवं महिला सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का होगा चयन
रोहतक, 7 अक्टूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार खेल विभाग द्वारा इस वर्ष भी खेल महाकुंभ 2026-27 का आयोजन पुरुष एवं महिला सीनियर वर्ग में 30 खेलों में करवाया जाएगा। खेल महाकुंभ के लिए जिला रोहतक की टीम के चयन के लिए विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय चयन ट्रायल निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे।
सतबीर सिंह ने बताया कि वॉलीबाल के जिला स्तरीय चयन ट्रायल 12 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे स्थानीय सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में होंगे। साइक्लिंग के ट्रायल 13 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे इसी खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन क्नोइंग और रोइंग के चयन ट्रायल गांव करौंथा, जिला रोहतक में प्रातः 9 बजे होंगे। शूटिंग के जिला स्तरीय चयन ट्रायल 13 से 15 अक्टूबर तक प्रातः 9 बजे गन एंड गट्स, होम ऑफ शूटिंग रेंज, देव कॉलोनी, रोहतक में आयोजित किए जाएंगे। टेबल टेनिस के ट्रायल 13 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे राजकीय महिला महाविद्यालय (आई.सी. कॉलेज), रोहतक में होंगे। वेटलिफ्टिंग के चयन ट्रायल 13 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे खेल स्टेडियम, महम में आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि आर्चरी के चयन ट्रायल 14 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे स्थानीय सेक्टर 6 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में होंगे। वुशू के ट्रायल 14 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे स्थानीय सोनीपत रोड स्थित सर छोटूराम स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। खो-खो के जिला स्तरीय चयन ट्रायल 15 अक्टूबर को शाम 4 बजे सैनी स्कूल, रोहतक में होंगे। इन सभी खेलों के ट्रायल में लड़के एवं लड़कियां दोनों भाग ले सकेंगे।
सतबीर सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को खेल महाकुंभ में जिला का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिला के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर चयन ट्रायल में भाग लें तथा खेल महाकुंभ के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। चयन ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की प्रति, परिवार पहचान पत्र की प्रति तथा रिहायशी प्रमाण पत्र की प्रति अनिवार्य रूप से लेकर उपस्थित होना होगा। खिलाड़ियों से निर्धारित समय से पूर्व संबंधित खेल के ट्रायल स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों के माध्यम से जिला के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा जिला एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का मंच मिलता है। जिला प्रशासन द्वारा भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
